सारण में मुहर्रम को लेकर शांति समिति की हुई बैठक

 




सारण, 20 जून (हि.स.)। आगामी मुहर्रम त्योहार के अवसर पर जिले में शांति और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों से उनके पूर्व के अनुभवों के आधार पर एक-एक कर फीडबैक और महत्वपूर्ण सुझाव लिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ताज़िया नगर परिक्रमा के सभी मार्गों का पूर्ण रूप से भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक ताजिया नगर परिक्रमा यात्रा के आगे और पीछे दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सघन गश्त और विशेष रूप से बाइक पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम पर डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और सभी यात्राओं के लिए पूर्व में आधिकारिक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर 24 घंटे कड़ी नजर रखी जा रही है किसी भी तरह के आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्त्ता, अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिला स्तर के कई अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी भी जुड़े रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार