त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक: सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध और सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

 


भागलपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। जिले में आगामी दीपावली, काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से समीक्षा भवन में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में जिलाधिकारी, सीनियर एसपी प्रमोद कुमार यादव, डीएसपी, विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष, शांति समिति के सदस्य और पूजा समितियों के प्रतिनिधि मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़े पूजा पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए जाएं। इसके साथ ही सुरक्षा के लिहाज से सभी बड़े पंडालों का फायर ऑडिट कराना अनिवार्य कर दिया गया है। त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण और कानून व्यवस्था को देखते हुए डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए आईसीसीसी समेत दो स्थानों पर 24 घंटे कार्यरत रहने वाले कंट्रोल रूम संचालित किए जाएंगे। पूरे शहर और संवेदनशील इलाकों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों, एआई जनरेटेड भ्रामक फोटो और वीडियो शेयर करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान केंद्रीय काली पूजा युवा महासमिति के महामंत्री धनंजय यादव ने अधिकारियों के समक्ष शहर के जर्जर बिजली तारों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने की मांग रखी, जिस पर अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, प्रशासन की ओर से पूजा महासमिति के सदस्यों से काली पूजा विसर्जन शोभायात्रा की अवधि को कम करने का अनुरोध किया गया। अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में यह शोभायात्रा लगभग 36 घंटे तक चलती है, जिसे सुरक्षा और जन-सुविधा के मद्देनजर कम किया जाना चाहिए। अंत में, प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी जिलावासियों से आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ त्योहारों को मनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर