पेट्रोल लेने गया बेटा, सड़क किनारे खड़ी मां को पिकअप ने कुचला, रास्ते में मौत

 


बेतिया, 03 सितंबर (हि.स.) । एनएच-727 पर मठिया चौक के पास गुरुवार को तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी महिला को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की बेतिया जीएमसीएच ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। मृतका की पहचान योगापट्टी प्रखंड के शनिचरी थाना क्षेत्र के बासोपट्टी पंचायत स्थित बकुचिया गांव के वार्ड-7 निवासी सफाजुल खान की पत्नी मुबीना खातून के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मुबीना अपने पुत्र साहिल खान के साथ बाइक से लौरिया सीएचसी इलाज कराने जा रही थीं। मठिया चौक के पास बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। साहिल मां को सड़क किनारे खड़ा कर पेट्रोल लेने चला गया। इसी दौरान लौरिया की ओर से बेतिया जा रही पिकअप ने मुबीना को कुचल दिया। लोगों ने पीछा कर पुलिस को सूचना दी। शनिचरी पुलिस ने पिकअप को रोक लिया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

112 की टीम घायल महिला को लौरिया सीएचसी ले गई, जहां से बेतिया रेफर किया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि पिकअप जब्त कर ली गई है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी। मृतका के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक