पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने सारण पर्यवेक्षण गृह का किया निरीक्षण

 








सारण, 18 जुलाई (हि.स.)। उच्च न्यायालय पटना के न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने सारण स्थित पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पर्यवेक्षण गृह पहुंचने पर सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत बालगृह के बच्चों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया और न्यायमूर्ति को फ्लावर पॉट व अपने द्वारा सैंड आर्ट से निर्मित आकर्षक तस्वीरें भेंट कीं।

इस अवसर पर बच्चों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर आधारित एक प्रेरणादायक लघु नाटक का मंचन भी किया। नाटक के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि बड़ा होना अच्छी बात है, लेकिन उससे भी अच्छी बात है अच्छा होना। न्यायमूर्ति ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना की और उनसे आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली। जिला बाल संरक्षण इकाई की सहायक निदेशक गीतांजलि प्रसाद ने बताया कि वर्तमान में यहाँ 54 बच्चे आवासित हैं, जिन्हें सकारात्मक शिक्षा दी जा रही है ताकि वे मुख्यधारा में लौटकर एक बेहतर इंसान बन सकें।

निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा, आवासीय सुविधाओं, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पुनर्वास व परामर्श संबंधी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और एक सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर संबंधित न्यायिक टीम, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार