पाठामारी पुलिस ने 279 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को दबोचा, स्कॉर्पियो जब्त

 


किशनगंज, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाठामारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 279 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।इस दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन को जब्त करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर पाठामारी थाना क्षेत्र के अमलझाड़ी स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान सिलीगुड़ी की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (बीआर01जेपी1033) को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान वाहन से कुल 279 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से वाहन चालक आकाश कुमार, निवासी बेउर बतौरा, थाना बेउर, जिला पटना तथा रोहित कुमार, निवासी निपुरा देव स्थान, थाना बेउर, जिला पटना को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप सिक्किम से लाई जा रही थी। इस संबंध में पाठामारी थाना कांड संख्या 38/2026, दिनांक 5 अगस्त 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अब शराब की खेप के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई तथा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। छापेमारी का नेतृत्व पाठामारी थानाध्यक्ष गंगा प्रसाद गुप्ता ने किया। अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार, चालक सिपाही पवन कुमार, सिपाही रौशन नौनिया तथा महिला सिपाही आरती कुमारी शामिल थीं। पुलिस ने बरामद शराब, स्कॉर्पियो और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह