सीटीएस नाथनगर में मद्यनिषेध सिपाहियों की पासिंग आउट परेड संपन्न, नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

 


भागलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय नाथनगर स्थित परेड ग्राउंड में रविवार को बुनियादी प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षु मद्यनिषेध सिपाहियों का दीक्षांत समारोह-सह-पासिंग आउट परेड गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इन जवानों ने अनुशासित कदमताल के साथ पुलिस सेवा में अपनी नई जिम्मेदारियों की शुरुआत की। समारोह में भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने पारण परेड का निरीक्षण किया और प्रशिक्षु सिपाहियों द्वारा प्रस्तुत शानदार प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित कई अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशिक्षु सिपाहियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, सत्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मद्यनिषेध सिपाहियों की भूमिका केवल कानून लागू कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान में भी उनकी अहम जिम्मेदारी है।

उन्होंने जवानों से आम लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखते हुए विधिक प्रावधानों के अनुरूप पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिनियुक्त अनुदेशकों द्वारा जवानों को पुलिस सेवा की बुनियादी जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया। इसमें ड्रिल, परेड, सलामी, शस्त्र संचालन, दंगा नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण का व्यावहारिक और सैद्धांतिक प्रशिक्षण शामिल था। साथ ही, मद्यनिषेध कानूनों, विधिक प्रावधानों और ड्यूटी से जुड़े नियमों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। समारोह के अंत में प्रशिक्षण अवधि के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु मद्यनिषेध सिपाहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रशिक्षण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अनुदेशकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सराहा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर