14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस पर निकलेगा मौन जुलूस, मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी रहेंगे मौजूद
कटिहार, 12 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनोज राय की अध्यक्षता में आगामी राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य रूप से पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, प्रदेश मंत्री सीमा झा, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, सौरभ कुमार मालाकार, जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी, अशोक गुप्ता और गौरव पासवान उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि पार्टी के निर्देशों के अनुसार मंडल, शक्ति केंद्र और जिला स्तर की बैठकें महीने में एक बार विभिन्न तिथियों पर आयोजित की जानी चाहिए ताकि संगठन के कार्यों को और अधिक प्रभावशाली बनाया जा सके।
उन्होंने आगामी कार्यक्रमों के संबंध में बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा, जिसकी पूर्व संध्या पर जिला प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी की उपस्थिति में एक भव्य मौन जुलूस निकाला जाएगा।
इसके साथ ही जिलाध्यक्ष ने कहा कि कटिहार जिला मुख्यालय एवं मंडल स्तर पर भव्य रूप से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी तथा 15 अगस्त को भाजपा जिला कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जयंती से जुड़े कार्यक्रमों को शक्ति केंद्र, पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक आयोजित करने के लिए विशेष तैयारी करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे बिहार में आगामी विभिन्न कार्यक्रमों को मंडल स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक सफलतापूर्वक संपन्न करने का कार्य करेगी। इस बैठक में जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, युवा मोर्चा महामंत्री जोक्शन यादव, सोनू सिन्हा, रंजन झा, श्वेता राय, किसान मोर्चा अध्यक्ष नरेश मंडल, राजेंद्र रजक सहित सभी विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक और जिला व मोर्चा के तमाम पदाधिकारी शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह