परिधि युवा संगठन की संपर्क यात्रा नवगछिया पहुंची, 27 सितंबर को कागजी टोला में जुटेगी युवाओं की टोली
भागलपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। परिधि युवा संगठन की ओर से आयोजित युवा संपर्क यात्रा मंगलवार को नवगछिया पहुंची, जहां करीब 25 युवा यात्रियों के दल का जोरदार स्वागत किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व भागलपुर में मनोज कुमार, कहलगांव में सुनील सहनी तथा नवगछिया में रोहित कुमार और नरेश सिंह ने किया। युवा टोली में लगभग 12 लड़कियां भी शामिल रहीं, जो विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर मुखर दिखीं। यात्रा के दौरान मिल्की, नवादा और मक्खातकिया के युवाओं तथा स्थानीय समुदाय को संबोधित करते हुए परिधि के निदेशक उदय ने यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट किया।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य अपने आंदोलन, उसके प्रमुख मुद्दों, रणनीति और अब तक की उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा कर संगठन का विस्तार करना है। वहीं, संगठन के समन्वयक राहुल ने जोर देकर कहा कि बिना युवाओं की सक्रिय भागीदारी और ऊर्जा के समाज में कोई भी सकारात्मक बदलाव संभव नहीं है। कहलगांव से युवा संयोजक योगेंद्र सहनी के नेतृत्व में यात्रा में शामिल हुए मछुआ समाज के युवाओं ने अपनी आजीविका और रोजगार के गंभीर मुद्दों को उठाया।
युवाओं का कहना था, “हमें मछुआ होने पर गर्व है क्योंकि हम सदियों से समाज को प्रोटीन की आपूर्ति करते आ रहे हैं। लेकिन आज हमसे हमारी नदियां छीन ली गई हैं। इसलिए मत्स्य पालन की सभी सरकारी योजनाओं पर पहला अधिकार पारंपरिक मछुआरों का होना चाहिए। युवाओं ने यह भी मांग उठाई कि भारत मत्स्य उत्पादन में दुनिया में पहले-दूसरे स्थान पर रहता है और बिहार देश में चौथे नंबर पर है। हमारे पास मत्स्यिकी का पारंपरिक ज्ञान है, इसलिए फिशरीज विज्ञान (मत्स्य विज्ञान) की पढ़ाई में मछुआ समाज के छात्र-छात्राओं को विशेष आरक्षण दिया जाना चाहिए। यात्रा के दौरान परिधि ने कहलगांव और नवगछिया के लगभग 40 युवा-युवतियों का एक नया समूह तैयार किया है। यात्रा के क्रम में युवाओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि आगामी 27 सितंबर को ‘विश्व नदी दिवस’ के अवसर पर सभी युवा कहलगांव के कागजी टोला में एकत्रित होंगे।
इस दौरान युवा टोली ऐतिहासिक विक्रमशिला बौद्ध विहार का भ्रमण भी करेगी। इस पूरी यात्रा को सफल बनाने में आयुक्ता कुमारी, रानी कुमारी, सचिन कुमार, श्याम कुमार, सुमित कुमार, नितेश कुमार, रेशमा कुमारी, रश्मि कुमारी, अंजली कुमारी, साक्षी कुमारी और स्वीटी कुमारी आदि ने महत्वपूर्ण और सक्रिय भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर