वार्ड सदस्य की पहल से कार्यालय सह सभागार बना जन भागीदारी केंद्र
बक्सर, 01 अगस्त (हि.स.)। पंचायत स्तर पर जनभागीदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देने की दिशा में केसठ पंचायत के वार्ड सदस्य परशुराम पासवान ने सराहनीय पहल करते हुए अपने वार्ड में कार्यालय सह सभागार का निर्माण कराया है। यह सभागार अब ग्रामीणों के लिए बैठक, संवाद और विकास योजनाओं के चयन का प्रमुख केंद्र बन गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले छोटी-छोटी बैठकों के लिए कोई उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं था। अब कार्यालय सह सभागार बनने से वार्ड के लोग एक साथ बैठकर अपनी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करते हैं। आपसी सहमति और विचार-विमर्श के बाद ही विकास योजनाओं का चयन किया जाता है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ी है और लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो रही है। वार्ड सदस्य परशुराम पासवान ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल योजनाओं को लागू करना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण की राय को महत्व देना है। उनका मानना है कि वास्तविक विकास तभी संभव है, जब आम जनता निर्णय प्रक्रिया में बराबर की भागीदार बने।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है। उनका कहना है कि यदि प्रत्येक पंचायत में इस तरह का कार्यालय सह सभागार बनाया जाए तो विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता और अधिक मजबूत होगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पहल से पंचायत में लोकतांत्रिक व्यवस्था को नई मजबूती मिली है। अब विकास योजनाओं का चयन किसी एक व्यक्ति के निर्णय से नहीं, बल्कि सामूहिक सहमति और खुले विचार-विमर्श के आधार पर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में विश्वास और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra