पंचायत सहयोग शिविर का मंत्री लेशी सिंह ने लिया जायजा
पूर्णिया, 18 अगस्त (हि.स.)।
जिले के सभी प्रखंडों की चयनित पंचायतों में मंगलवार को आयोजित पंचायत सहयोग शिविरों के क्रम में बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह एवं जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने के.नगर प्रखंड की बिढनौली खेमचंद पश्चिम पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया।
मंत्री एवं जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया तथा आम लोगों को दी जा रही सेवाओं और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों को जनसमस्याओं का शिविर स्तर पर ही त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने लंबित पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण शिविर स्थल पर ही कराने, पशुओं की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की व्यवस्था करने तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत इच्छुक उपभोक्ताओं से सोलर अधिष्ठापन के आवेदन कैंप मोड में लेने का निर्देश दिया।
पीएचईडी को महादलित टोलों में प्राथमिकता के आधार पर नल-जल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जीविका को शौचालय विहीन परिवारों को ₹10 हजार की अग्रिम सहायता उपलब्ध कराकर शौचालय निर्माण कराने का निर्देश दिया गया। इस दौरान मंत्री लेशी सिंह ने लाभुकों को जन्म प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन, उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार, सहायक समाहर्ता कुमुद मिश्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह