ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई चर्चा, विकास में भागीदारी पर जोर
सुपौल, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड की पथरा दक्षिण पंचायत में रविवार को ‘विकसित भारत-समृद्ध बिहार’ पंचायत विकास दिवस मनाया गया। मुखिया सुभाष यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत के विकास, स्वच्छता और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में विभिन्न वार्डों से पहुंचे ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और पंचायत कर्मियों के समक्ष सड़क, स्वच्छता, पेयजल, नाली सहित अन्य समस्याएं रखीं। पंचायत कर्मियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। मुखिया सुभाष यादव ने कहा कि पंचायत के समग्र विकास के लिए ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी है। योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और पंचायत को स्वच्छ एवं विकसित बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
मौके पर पंचायत सचिव, कार्यपालक सहायक सरस्वती कुमारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक संतोष कुमार समेत पंचायत कर्मी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र