सदस्यता सूची से नाम गायब, करहंसी पैक्स के किसानों ने जताया आक्रोश

 


बक्सर, 20 फ़रवरी (हि.स.)।सदर प्रखंड के करहंसी पैक्स में सदस्यता सूची में नाम नहीं जोड़े जाने को लेकर किसानों में भारी नाराजगी है। इस मुद्दे पर शुक्रवार को किसानों ने समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और न्याय की गुहार लगाई।

किसानों ने बताया कि सरकार द्वारा 2 जनवरी से 31 जनवरी तक सदस्यता सह जागरूकता अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ सदस्यता के लिए आवेदन किया, लेकिन उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया।

किसान विनीता राय, ददन मलाह, महेंद्र मलाह और धनजी यादव का आरोप है कि पैक्स अध्यक्ष ने उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया। इसके बाद उन्होंने एआरसी कार्यालय में अपील भी दायर की, परंतु अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।

किसानों ने कहा कि 23 फरवरी को नई मतदाता सूची का प्रकाशन होना है और पैक्स चुनाव भी प्रस्तावित है। ऐसे में यदि उनके नाम नहीं जुड़े, तो वे चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने से वंचित रह जाएंगे।

हिमांशु कुमार राय, रविकांत राय, सत्यप्रकाश राय, सचिदानंद राय, सतेंद्र राय और आशुतोष राय समेत अन्य किसानों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा