सारण के इसुआपुर में नहर का बांध टूटने से धान की फसल जलमग्न

 






सारण, 05 अगस्त (हि.स.)। इसुआपुर सलेमपुर वैतरनी नहर का उत्तरी बांध बीती रात अचानक टूट गया। इससे नहर का पानी आसपास के खेतों में तेजी से भर गया, जिससे किसानों की धान की फसलों को नुकसान पहुंचा है। घटना के लगभग 12 घंटे बाद विभागीय अधिकारियों के पहुंचने पर ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा।

स्थानीय मुखिया के नेतृत्व में किसानों ने गंडक विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। मुखिया अजय राय व ग्रामीणों ने नष्ट हुई फसलों का तत्काल आकलन कराकर पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

किसानों का आरोप है कि नहर निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती गई है, जिससे बांध पानी का दबाव सहन नहीं कर पाता। प्रदर्शनकारियों ने संवेदक व जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच तथा बांध की अविलंब मरम्मत की मांग की।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि सर्वप्रथम कार्यपालक अभियंता, अंचलाधिकारी घटनास्थल पर भेजा गया है। अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रहे हैं और प्राथमिकता के आधार पर तत्काल नहर की मरम्मती का कार्य करने का भी निर्देश दे दिया गया है।

मौके पर राहुल कुमार, पंकज कुमार, अर्जुन साह, सायरा बेगम, हनीफ अंसारी और रामलाल यादव समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार