ट्रक की टक्कर से गड्ढे में गिरी सिटी राइड बस, 11 जीविका दीदियां घायल
सीवान, 18 सितंबर (हि.स.)। सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के जसौली गांव के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक ने सिटी राइड बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में बस सवार 11 जीविका दीदियां गंभीर रूप से घायल हो गयीं।
घायलों में हरदिया गांव निवासी अमृता देवी, संगीता देवी, पुष्पा देवी, फूलमती देवी, रीना देवी, नयन देवी, नीतू देवी, रूबी देवी तथा इटवा गांव निवासी अनिता देवी समेत अन्य महिलाएं शामिल हैं।
गंभीर रूप से घायल महिलाओं का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ घायलों का उपचार पचरुखी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
घायल जीविका की सीएम अनिता देवी ने बताया कि पचरुखी प्रखंड में जीविका दीदियों की बैठक आयोजित की गयी थी।
बैठक में मोबाइल लोकेशन जेनरेट करना था। इसके लिए सभी दीदियों को पासवान चौक पर बुलाया गया था। वहां से सभी एक सिटी राइड बस में सवार होकर पचरुखी जा रही थीं। इसी दौरान जसौली गांव के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गयी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसी महिलाओं को बाहर निकाला और इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए कई घायलों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पचरुखी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बस में पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक चालक की पहचान करने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली गयी है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma