पश्चिम चंपारण में बुद्ध की प्रतिमा के साथ दो गिरफ्तार
बेतिया, 18 सितंबर (हि.स.)। बेतिया पुलिस जिला स्थित गौनाहा ब्लॉक के मंगूराहा नयाटोला में एसएसबी मंगूराहा और गौनाहा पुलिस की संयुक्त गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई की गयी है।
प्रशासन ने स्कूटी की सीट के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही भगवान गौतम बुद्ध की पीली धातु से निर्मित करीब 7.705 किलोग्राम की प्रतिमा बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार की है। कार्रवाई के दौरान स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नरकटियागंज की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 17 सितंबर की शाम एसएसबी मांगुराहा की टीम अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 441 से करीब 6.2 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में संयुक्त रात्रि गश्ती कर रही थी। एसएसबी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में जवान मांगुराहा सैनिक रोड की ओर गश्त कर रहे थे।इसी दौरान स्कूटी सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान स्कूटी की सीट के नीचे रखे थैले से पीली धातु से निर्मित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा बरामद हुई।प्रतिमा का वजन करीब 7.705 किलोग्राम बताया गया है।पकड़े गए लोगों की पहचान साहिद अंसारी, निवासी कंगहुसरी, रामनगर और सुद्दू खान निवासी सबुनी, रामनगर के रूप में हुई है।एसएसबी के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में प्रतिमा को बेचकर मोटी रकम कमाने की बात सामने आई है।बरामदगी के बाद दोनों को प्रतिमा, स्कूटी और मोबाइल फोन समेत गौनाहा थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिमा कहां से लाई गई थी,इसे कहां ले जाया जा रहा था और क्या इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका है।साथ ही, बरामद प्रतिमा की वास्तविक धातु, प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व की भी जांच की जाएगी। जांच के बाद ही प्रतिमा से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक