नेशनल टैलेंट हंट में सफल प्रतिभागियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
पटना, 11 मई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में नेशनल टैलेंट हंट के माध्यम से चयनित प्रतिभागियों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने नेशनल टैलेंट हंट के माध्यम से प्रवक्ता, पैनलिस्ट, एवं प्रोग्राम रिसर्चर के रूप में चयनित सभी साथियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रवक्ता बनकर सफलता प्राप्त करना पूरी तरह आप पर निर्भर करता है। इसके लिए हर दिन स्वयं पर मेहनत और निरंतर अभ्यास करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रवक्ता बनना केवल किसी पद को प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह पार्टी की आवाज बनने की जिम्मेदारी है। प्रवक्ताओं को बिहार, जनता और देश की आवाज बनकर सच्चाई को मजबूती के साथ जनता के सामने रखना होगा।
उन्होंने आगे कहा कि इस क्षेत्र में सफलता पाने के लिए हुनर के साथ-साथ हिम्मत की भी जरूरत होती है। यदि आपमें हिम्मत और आत्मविश्वास होगा तो जनता भी आपके साथ खड़ी होगी। इसलिए सभी साथियों को चाहिए कि वे हर दिन अपने ज्ञान, तर्क और संवाद कौशल को मजबूत करने के लिए लगातार काम करें।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने भी उपस्थित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नए और ऊर्जावान साथियों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की विचारधारा को मजबूती से जनता तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार संजय कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे एवं सफल प्रतिभागियों के बीच अपने अनुभव को साझा किया।
इस अवसर पर पूर्व डीजीपी करुणा सागर, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, टैलेंट हंट के संयोजक असितनाथ तिवारी, मिन्नत रहमानी, रंजीत कुमार मिश्रा, चंद्र भूषण राजपूत, कमल कमलेश, राजीव मेहता तथा नेशनल टैलेंट हंट के सभी सफल प्रतिभागियों उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त