तीन दिन के नवजात का सफल ऑपरेशन, मिली नई जिंदगी

 


दरभंगाr, 18 जून (हि.स.)।

दरभंगा जिला अंतर्गत बेनीपुर स्थित जीवन हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने जन्मजात एनोरेक्टल मालफॉर्मेशन से पीड़ित मात्र तीन दिन के नवजात शिशु का सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन दिया है।

जानकारी के अनुसार, अलीनगर प्रखंड के हरिसिंहपुर गांव निवासी दंपति के नवजात शिशु को जन्म के बाद से मल त्याग नहीं हो रहा था। परिजनों की सतर्कता के बाद चिकित्सकीय जांच में पता चला कि बच्चा एनोरेक्टल मालफॉर्मेशन नामक जन्मजात विकृति से ग्रसित है, जिसमें मलद्वार का विकास सामान्य रूप से नहीं हो पाता।

शिशु की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे तत्काल जीवन हॉस्पिटल, बेनीपुर लेकर पहुंचे। वरिष्ठ पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. सोहैल अहमद के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। लगभग दो घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार झा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद शिशु को विशेष निगरानी में रखा गया। पांच दिनों के भीतर बच्चे ने सामान्य रूप से फीड लेना शुरू कर दिया और अब वह पूरी तरह स्वस्थ है।

डॉ. सोहैल अहमद ने कहा कि एनोरेक्टल मालफॉर्मेशन के मामलों में समय पर पहचान और उपचार अत्यंत आवश्यक है। 48 से 72 घंटे के भीतर शल्य चिकित्सा नहीं होने पर शिशु के जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

शिशु के स्वस्थ होने पर उसके माता-पिता एवं परिजनों ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra