बक्सर पुलिस ने लगभग 12 लाख रुपए के 60 मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए
बक्सर, 06 अगस्त (हि.स.)। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत बक्सर पुलिस ने गुरुवार को 60 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आम लोगों के गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन के संबंध में दर्ज सनहा एवं प्राथमिकी के आधार पर तकनीकी अनुसंधान करते हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों एवं मालिकों को वापस सौंप दिए गए।
पुलिस ने बताया कि 6 अगस्त 2026 को आयोजित कार्यक्रम में कुल 60 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बक्सर पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और खुशी जताई।
एसपी शुभम आर्य ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत अब तक बक्सर पुलिस ने कुल 1,665 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। अभियान का उद्देश्य गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी सहायता से खोजकर लोगों को उनकी संपत्ति वापस दिलाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra