नप प्रशासन ने मुख्य बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

 


अररिया 04 जून(हि.स.)।

अररिया नगर परिषद की ओर से गुरुवार को शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। थाना चौक से बर्मा सेल तक प्रशासन द्वारा दो दर्जन से अधिक अवैध दुकानों को हटाया गया और सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त किया गया।

नगर परिषद की टीम ने अवैध गुमटियों, ठेलों और अस्थायी दुकानों पर कार्रवाई की।इस दौरान कई स्थानों पर दुकानदारों ने विरोध भी किया।लेकिन नप प्रशासन ने विरोध करने वाले दुकानदारों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती गई।

नगर परिषद के टैक्स कलेक्टर और अतिक्रमण टीम के नेतृत्वकर्ता मो. असलम ने बताया कि यह अभियान विभागीय आदेश पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर को सुव्यवस्थित और साफ-सुथरा बनाने के लिए यह आवश्यक कदम है, क्योंकि अवैध अतिक्रमण शहर की सुंदरता खराब कर रहा था और यातायात को भी बाधित कर रहा था। उन्होंने अभियान जारी रखने की बात कही।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अचानक शुरू हुए इस अभियान से उन्हें काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि अवैध कब्जा करने वालों को पहले भी चेतावनी दी जा चुकी थी। इस कार्रवाई से शहर के मुख्य मार्ग पर यातायात सुचारू हो गया है और फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए उपलब्ध हो गए हैं। जहां आम नागरिकों ने राहत महसूस की, वहीं प्रभावित दुकानदार नाराज दिखे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर