अब राजस्व वादों की होगी ऑनलाइन सुनवाई व त्वरित निष्पादन, आरसीएमएस प्रणाली का शुभारंभ
कटिहार, 23 नवंबर (हि.स.)। राज्य के राजस्व न्यायालयों में पारदर्शिता लाने और भूमि विवादों के त्वरित समाधान की दिशा में सोमवार (23 नवंबर 2026) को एक बड़ा कदम उठाया गया। पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यव्यापी 'राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली' (रेवेन्यू कोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम - आरसीएमएस) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कटिहार समाहरणालय स्थित एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर), सभी अंचलाधिकारी (सीओ) और राजस्व कर्मी जुड़े।
संबोधन के दौरान कहा गया कि इस नई प्रणाली से बिहार के राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली में पूरी पारदर्शिता आएगी, वादों का निष्पादन समय-सीमा के भीतर होगा और आम लोगों को दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार, बंटवारा, अतिक्रमण सहित अन्य सभी राजस्व वादों की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित होगी। वादी और प्रतिवादी घर बैठे ऑनलाइन वाद दाखिल कर सकेंगे तथा सुनवाई की तिथि, आदेश और मामले की प्रगति की जानकारी एसएमएस व पोर्टल पर प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जिले के सभी अंचलाधिकारियों एवं राजस्व न्यायालयों को आरसीएमएस प्रणाली को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर पोर्टल पर अपलोड कर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने विश्वास जताया कि पेपरलेस व्यवस्था और डिजिटल अभिलेखों के सुरक्षित रहने से राजस्व प्रशासन में क्रांतिकारी बदलाव आएगा और कटिहार जिले में भूमि विवादों के त्वरित समाधान में यह प्रणाली मील का पत्थर साबित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह