जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल के लिए ऑनलाइन निबंधन 22 जून तक
सारण, 06 जून (हि.स.)। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिले में जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 के आयोजन की तैयारियाँ तेज हो गई हैं।
जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन ने इस प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक जिले के सभी सरकारी एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की है।
आधिकारिक सूचना के अनुसार जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 24 जून को किया जाएगा। इस चरण के विजेता दल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर प्राप्त होगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 14 जुलाई के बीच होना तय हुआ है। इसमें अंडर 15 बालक वर्ग की स्पर्धा मुंगेर में, अंडर 17 बालक वर्ग की किशनगंज में तथा अंडर 17 बालिका वर्ग की प्रतियोगिता समस्तीपुर में आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सभी विद्यालयों को आधिकारिक पोर्टल पर स्वयं ऑनलाइन निबंधन कराना अनिवार्य है। बिना डिजिटल पंजीकरण के किसी भी टीम को खेलने की अनुमति नहीं मिलेगी। पात्रता के तहत अंडर 15 बालक वर्ग के खिलाड़ियों का जन्म 01 जनवरी 2012 के बाद और अंडर-17 बालक/बालिका वर्ग के खिलाड़ियों का जन्म 01 जनवरी 2010 के बाद का होना चाहिए। मेडिकल टीम द्वारा सभी खिलाड़ियों की आयु का सत्यापन किया जाएगा।
टीम के सभी खिलाड़ी एक ही विद्यालय के होने चाहिए। ऑनलाइन निबंधन के बाद स्कूलों को निबंधित सूची का प्रिंटआउट, खिलाड़ियों के जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड और स्कूल आईडी की छायाप्रति निर्धारित प्रारूप में संबंधित कार्यालय में जमा करनी होगी। प्रधानाध्यापकों से 22 जून तक निबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार