जेपीयू में पीजी सत्र 2026-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
सारण, 06 जून (हि.स.)। जय प्रकाश विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विभागों और विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-28 प्रथम सेमेस्टर के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
छात्र कल्याण पदाधिकारी प्रोफेसर राणा विक्रम ने बताया कि च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम पाठ्यक्रम के तहत प्रवेश के लिए दिशा-निर्देश और आवेदन का लिंक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव कर दिया गया है।
नामांकन के इच्छुक अभ्यर्थी 06 जून से 18 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। फॉर्म में किसी भी प्रकार की त्रुटि या गलती के सुधार के लिए 19 और 20 जून को करेक्शन विंडो ओपन रहेगी। इसके बाद 24 जून को विश्वविद्यालय द्वारा प्रथम मेधा सूची जारी की जाएगी।
मेधा सूची के आधार पर चयनित छात्र 25 जून से 04 जुलाई 2026 तक संबंधित कॉलेजों या विभागों में जाकर नामांकन ले सकेंगे। नए सत्र की नियमित कक्षाएं 05 जुलाई से शुरू हो जाएंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्र केवल उसी विषय में पीजी के लिए आवेदन कर सकते हैं जिसे उन्होंने स्नातक स्तर पर ऑनर्स, मेजर, कोर, एलाइड, माइनर या सब्सिडियरी के रूप में पढ़ा हो। इसके अलावा, ऑनर्स, मेजर विषय के लिए स्नातक में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक और सब्सिडियरी, माइनर विषयों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। छात्रों को प्राप्तांक आरक्षण श्रेणी और कॉलेज का विकल्प पूरी सटीकता से भरने की सलाह दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार