ट्रैक्टर- बाइक की टक्कर से युवक की मौत
नवादा, 29 अप्रैल (हि.स.)। नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत इब्राहिमपुर गांव के समीप बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान नरहट थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव निवासी विजय चौधरी के 26 वर्षीय पुत्र उदित कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, उदित कुमार अपने एक रिश्तेदार के यहां से लौट रहा था, तभी इब्राहिमपुर गांव के पास एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नरहट थाना के थानाध्यक्ष गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजनों ने बताया है कि युवक की पिछले चैत माह में दूसरी शादी हुई थी। पहले से एक बच्चा भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन