वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक ने लगाया जानलेवा हमले का आरोप, प्राथमिकी दर्ज

 


किशनगंज, 24 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र स्थित वन स्टॉप सेंटर सह महिला हेल्पलाइन की केंद्र प्रशासक रोशनी प्रवीण ने कुछ लोगों पर जानलेवा हमला, मारपीट, घर में जबरन घुसने, लूटपाट और छिनतई का आरोप लगाते हुए सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह कुछ महिलाएं रोशनी प्रवीण के घर पहुंचीं और कथित रूप से जबरन घर में प्रवेश कर उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि हमले के दौरान उनके गले से सोने की चेन छीन ली गई तथा घर में रखे 30 हजार रुपये नकद भी निकाल लिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपिताें ने जान से मारने की नीयत से हमला किया। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इसके बाद पीड़िता के आवेदन के आधार पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। शुक्रवार को सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह