वन स्टॉप सेंटर में पीड़ित महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

 


बक्सर, 11 अप्रैल (हि.स.)।

सदर प्रखंड परिसर में जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई तथा संधारित पंजियों की जांच की गई।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि केंद्र पर आने वाली पीड़ित महिलाओं का स्किल मैपिंग कर उन्हें रोजगार प्रशिक्षण संस्थानों से जोड़ा जाए और प्रशिक्षण के बाद विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनका आर्थिक सशक्तिकरण हो सके। उन्होंने हिंसा से पीड़ित महिलाओं के नियमित फॉलोअप और गुणवत्तापूर्ण वाद निष्पादन पर भी बल दिया।

प्रचार-प्रसार बढ़ाने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर काउंसलिंग और सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने थानों के साथ समन्वय बढ़ाकर महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं को चिकित्सकीय, कानूनी, परामर्श एवं अस्थायी आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा