किराना दुकान की आड़ में गांजा का कारोबार, 1.430 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार
भागलपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। सिटी एसपी अतुलेश झा ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि किराना दुकान की आड़ में गांजा का कारोबार करने वाले आनंद कुमार को पुलिस ने 1.430 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गोराडीह थाना पुलिस ने किराना दुकान की आड़ में कथित तौर पर अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से 1 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि गोराडीह थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव में एक किराना दुकान से अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान दुकान संचालक आनंद कुमार को 1.430 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ हॉट-स्पॉट चिन्हित कर लगातार छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर