मुंदीचक में भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार, दंपत्ति फरार

 


भागलपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार “स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर” विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लगातार चिन्हित हॉट-स्पॉट्स पर छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में तिलकामांझी थाना पुलिस और डीआईयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुंदीचक इलाके में भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है।

इस संबंध में एसडीपीओ सिटी वन ने रविवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी। तिलकामांझी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुंदीचक निवासी राजू चौधरी, उसकी पत्नी सुधा देवी और पुत्र सोनू कुमार उर्फ संजू कुमार अपने ही घर में अवैध शराब का स्टॉक जमा कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही एसएसपी भागलपुर के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 के पर्यवेक्षण तथा तिलकामांझी थानाध्यक्ष एवं डीआईयू टीम भागलपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने जब मुंदीचक स्थित सोनू कुमार के मकान पर अचानक दबिश दी, तो वहां मौजूद लोग पुलिस बल को देखते ही भागने लगे। पुलिस की सशस्त्र टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर सोनू कुमार उर्फ संजू कुमार को खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद जब मकान की विधिवत तलाशी ली गई, तो घर के अंदर से 245.985 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। हालांकि, पुलिस टीम की भनक मिलते ही मुख्य आरोपी राजू चौधरी और उसकी पत्नी सुधा देवी मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस ने मौके से सोनू कुमार उर्फ संजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसके पिता राजू चौधरी और मां सुधा देवी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में संलिप्त तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर