ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल भी जब्त

 


भागलपुर, 20 जून (हि.स.)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सबौर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। उक्त आशय की जानकारी शनिवार को नवनीत कुमार रही विधि-व्यवस्था डीएसपी ने दी।

डीएसपी ने बताया कि यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर अभियान के अंतर्गत की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सबौर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा सबौर थाना की संयुक्त टीम का गठन किया गया।

इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर मिर्जापुर निवासी राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है, ताकि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में युवाओं को नशे की लत से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में सबौर थाना के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर