धर्मकांटा के पास सड़क हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर
दरभंगा, 29 अगस्त (हि.स.)।
दरभंगा जिला अंतर्गत बेनीपुर एसएच-88 पर बेनीपुर-पौड़ी-डखराम के बीच धर्मकांटा के समीप शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज बेनीपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मृतक की पहचान अंटौर निवासी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि लकड़ी लदा ठेला अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 10 दिन पहले भी इसी स्थान के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। वहीं, पिछले एक वर्ष के दौरान इस इलाके में सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
लगातार हो रहे हादसों को लेकर बाबा नागार्जुन स्मृति मंच के अध्यक्ष ऋषभ कुमार और सचिव हंसिका कश्यप ने स्थानीय प्रशासन से सवाल उठाते हुए दुर्घटना के कारणों की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान के आसपास बार-बार दुर्घटनाएं होना और अधिकांश हादसों का जानलेवा साबित होना चिंता का विषय है।
उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों और उनसे होने वाली मौतों पर रोक लगाई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra