सारण में अनियंत्रित स्कॉर्पियो वाहन की टक्कर से एक की मौत, दो घायल
सारण, 01 अगस्त (हि.स.)। एकमा छपरा-सिवान मुख्य मार्ग पर एकमा में रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सड़क किनारे खड़े दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान दरौंदा थाना क्षेत्र के पांडेपुर निवासी बैजनाथ प्रसाद के पुत्र अमलेश प्रसाद के रूप में हुई है।
अमलेश प्रसाद, छपरा से दरौंदा की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी तीव्र थी कि वाहन ने पास खड़े हंसराजपुर निवासी संतोष सिंह और उपेन्द्र सिंह को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुँची।
एकमा थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार