“पिच डेक प्रिपरेशन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

 


भागलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। स्टार्टअप सेल भागलपुर अभियंत्रण महाविद्यालय भागलपुर द्वारा सोमवार को पिच डेक विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं एवं भावी उद्यमियों को प्रभावी पिच डेक तैयार करने, स्टार्टअप इकोसिस्टम, सरकारी योजनाओं, डिजिटल भुगतान प्रणाली तथा इन्क्यूबेशन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त रवि राकेश ने अपने संबोधन में युवाओं से नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है, जिनका लाभ उठाकर युवा न केवल स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं, बल्कि रोजगार सृजनकर्ता भी बन सकते हैं।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राकेश कुमार ने स्टार्टअप प्रोत्साहन योजनाओं, औद्योगिक विकास, वित्तीय सहायता एवं उद्यम स्थापना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला उद्योग केंद्र युवाओं को उद्यम स्थापना हेतु हर संभव सहयोग प्रदान कर रहा है। मुख्य वक्ता एवं पिच डेक विशेषज्ञ निक्की कुमार झा संस्थापक ने प्रभावी पिच डेक तैयार करने की तकनीकों, व्यवसाय मॉडल, समस्या एवं समाधान की प्रस्तुति, वित्तीय योजना तथा निवेशकों को आकर्षित करने के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत तकनीकी सत्र प्रस्तुत किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बिमलेश कुमार ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ नवाचार, अनुसंधान एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने संस्थान में स्टार्टअप संस्कृति को सशक्त बनाने तथा उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर बल दिया।

कार्यशाला में 200 से अधिक स्टार्टअप उत्साही युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न तकनीकी संस्थानों के संकाय सदस्यों ने भाग लिया। प्रतिभागियों में भागलपुर अभियंत्रण महाविद्यालय, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक भागलपुर, गवर्नमेंट आईटीआई भागलपुर तथा गवर्नमेंट विमेंस आईटीआई भागलपुर के विद्यार्थी एवं शिक्षक शामिल रहे। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद कर पिच डेक निर्माण, इन्क्यूबेशन, डिजिटल फाइनेंस तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित उपयोगी जानकारी प्राप्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर