सारण में पीएसएम पोर्टल के प्रभावी संचालन हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
सारण, 06 अगस्त (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में पुलिस लाइन सभागार में पुलिस स्टेशन मैनेजमेंट पोर्टल के सुचारु एवं पारदर्शी संचालन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष साइबर थाना एवं पुलिस उपाधीक्षक यातायात ने संयुक्त रूप से किया।
प्रशिक्षण में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस स्टेशन मैनेजमेंट के नोडल एवं आईटी अधिकारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों की तकनीकी दक्षता एवं कार्य निष्पादन की गुणवत्ता में सुधार लाना रहा।
कार्यशाला के दौरान उपस्थित अधिकारियों को पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल, डेटा प्रविष्टि की सही प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और रिपोर्टिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी, शुद्धता और समयबद्धता के साथ पोर्टल का उपयोग करने का निर्देश दिया, ताकि पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत बनाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार