बिजली विभाग की लापरवाही से मौत, परिजनों में आक्रोश

 

नवादा,25 मार्च (हि.स.)।नवादा जिले के पकरीबरावां प्रखंड क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण बुधवार को एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मंगुरा निवासी श्यामसुदंर प्रसाद के पुत्र सहदेव कुमार (27 वर्ष) के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार सहदेव कुमार पिछले तीन वर्षों से पकरीबरावां पावर हाउस में मानव बल के रूप में कार्यरत था। बुधवार

को वह बढ़ौना गांव में 11 केवीए लाइन का तार जोड़ने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान ठेरा पावर हाउस से अचानक लाइन चालू कर दी गई। लाइन में करंट प्रवाहित होते ही सहदेव उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। सूचना मिलते ही पकरीबरावां थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना सूचना के लाइन चालू कर दिया गया, जिसके कारण सहदेव की जान गई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन