परीक्षा में सेटिंग करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

 

डेहरी आन सोन, 18 जून (हिस )

रोहतास जिले के कोचस थाने की पुलिस ने मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में सेंधमारी व सेटिंग-गेटिंग के आरोप में एक अंतरजिला गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार दोपहर बाद स्थानीय महात्मा गांधी चौक पर चलाए गए गहन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान की गई। पुलिस को देखकर पटना से भभुआ जा रही एक कामर्शियल गाड़ी से दो युवक उतरकर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़कर एक युवक को दबोच लिया, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पूछताछ के बाद पुलिस ने गाड़ी के चालक को छोड़ दिया।

अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान पश्चिम चंपारण (बेतिया) जिले के मझौलिया थाना अंतर्गत पारस पकड़ी निवासी भूनटुन कुमार के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपित की पहचान बेतिया के वार्ड नंबर चार, लालगढ़ निवासी मैनेजर पासवान के पुत्र नंदकिशोर पासवान के रूप में की गई है।

पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से परीक्षा में चोरी कराने के लिए इस्तेमाल होने वाले हाई-टेक उपकरणों का जखीरा बरामद किया है, जिसमें वाकी-टाकी, दो मेडिफाइड वाकी-टाकी रिसीवर, चार ब्लू टूथ डिवाइस, तीन इलेक्ट्रानिक चार्जर, चार प्रश्न पुस्तिका (बुकलेट) के अलावा कनेक्टर वायर, फरार आरोपित का आधार कार्ड, चेकबुक और मोबाइल फोन शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि ये आरोपित मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में इलेक्ट्रानिक उपकरणों के जरिए पेपर लीक व अवैध रूप से आंसर-की पहुंचाने की साजिश रच रहे थे।

पुलिस गिरफ्तार युवक से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके। फरार सरगना की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा