रक्षाबंधन पर थाना पहुंची बहनों ने पुलिसकर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र
किशनगंज, 27 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन गुरुवार को किशनगंज सदर थाना परिसर में खास अंदाज में मनाया गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, रक्षा वाहिनी की बहनों तथा ओरियंटल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। इस दौरान थाना परिसर में कुछ देर के लिए भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान रक्षा वाहिनी की बहनों ने सदर थाना अध्यक्ष सहित थाना में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।बहनों ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना की। वहीं पुलिसकर्मियों ने भी बहनों को भरोसा दिलाते हुए उनकी सुरक्षा और सम्मान का हमेशा ध्यान रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बजरंग दल के जिला संयोजक सुनील तिवारी ने कहा कि पुलिस के जवान दिन-रात अपने परिवार और निजी सुख-सुविधाओं की परवाह किए बिना समाज की सुरक्षा में जुटे रहते हैं।
रक्षाबंधन के अवसर पर थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ पर्व की खुशियां साझा करने का उद्देश्य उन्हें यह एहसास कराना है कि समाज भी उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, ऐसे में उनके प्रति सम्मान और अपनापन व्यक्त करना समाज की जिम्मेदारी है। सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए रक्षा वाहिनी की बहनों, बजरंग दल कार्यकर्ताओं तथा स्कूल के छात्र-छात्राओं का आभार जताया।
पुलिसकर्मियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज और पुलिस के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग की भावना और मजबूत होती है। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम से थाना परिसर में पूरे दिन उत्साह, आत्मीयता और सौहार्द का माहौल बना रहा। कार्यक्रम ने पुलिस और समाज के बीच भावनात्मक जुड़ाव का भी संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह