पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीदों को सलामी, परिजनों को सम्मानित कर एसपी ने दिया साथ निभाने का भरोसा

 


किशनगंज, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस संस्मरण दिवस-2026 के अवसर पर बुधवार को पुलिस केंद्र, किशनगंज में शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में श्रद्धांजलि समारोह एवं परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को सलामी दी गई।

शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अधिकारियों एवं कर्मियों ने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस, वीरता तथा राष्ट्रसेवा के जज्बे को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि देश में एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक कुल 154 पुलिसकर्मी कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए, जिनमें बिहार के 12 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इन वीर जवानों ने देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका त्याग और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।समारोह में किशनगंज जिले के शहीद पुलिस निरीक्षक अश्विनी कुमार एवं हवलदार विस्वा उरांव के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। दोनों शहीदों के परिजनों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने दोनों शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया तथा उनसे आत्मीयतापूर्वक मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। एसपी ने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना और सम्मान व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि किशनगंज पुलिस उनके परिवारों के साथ सदैव खड़ी रहेगी। शहीद जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनके परिजनों का सम्मान करना पुलिस विभाग का दायित्व है। इस अवसर पर एसपी संतोष कुमार ने कहा कि राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों का अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव याद किया जाएगा। उनका सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम के माध्यम से किशनगंज पुलिस ने वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को अमर बताया। समारोह में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा जनता की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कर्तव्य निभाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह