बिहार के सारण में बोलेरो की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत
सारण, 11 जून (हि.स.)। जिले में अमनौर थाना क्षेत्र के अमनौर-तरैया मुख्य सड़क पर धरमपुर जफर हाई स्कूल के समीप एक सड़क दुर्घटना सामने आया है। यहां तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने सड़क पार कर रही एक वृद्ध महिला को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान धरमपुर जाफर गांव निवासी रघुवंश महतो की 65 वर्षीय पत्नी रामावती देवी के रूप में हुई है। घटना करीब ग्यारह बजे की है जब रामावती देवी अपने पुराने घर से सड़क पार कर नए घर जा रही थीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची अमनौर पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। ग्रामीणों ने इस रूट पर अनियंत्रित रफ्तार और लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार