उप विकास आयुक्त ने बाल गृह का किया निरीक्षण, बच्चों की देखभाल व सुविधाओं का लिया जायजा
सुपौल, 31 मार्च (हि.स.)। उप विकास आयुक्त सुश्री सारा अशरफ ने मंगलवार को वृहद आश्रय गृह स्थित बाल गृह यूनिट-01 और यूनिट-02 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां आवासित देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए उपलब्ध देखभाल, भोजन, शिक्षा एवं मनोरंजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने बच्चों के लिए बनाए गए भोजन की गुणवत्ता की जांच की और संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बाल गृह में रह रहे बच्चों के लिए उपलब्ध शिक्षण व्यवस्था का भी अवलोकन किया तथा इसे निरंतर जारी रखने का निर्देश दिया।
इसके अलावा उन्होंने बच्चों के उनके परिवार में पुनर्वासन की संभावनाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान बाल गृह में रह रहे बच्चों से बातचीत कर उन्हें दी जा रही सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित कर्मियों को बच्चों की देखभाल और सुविधाओं में और सुधार लाने के निर्देश भी दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र