दरभंगा नृत्य उत्सव में ओडिसी कार्यशाला का शुभारंभ
दरभंगा, 29 मार्च (हि.स.)। सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से सृष्टि फाउंडेशन द्वारा आयोजित दरभंगा नृत्य उत्सव के अंतर्गत ओडिसी नृत्य कार्यशाला का शुभारंभ रामबाग स्थित परिसर में किया गया। उद्घाटन समारोह में कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय, ओडिशा से आए प्रख्यात ओडिसी नृत्य गुरु सचिकांत प्रधान, कला प्रेमी दिलीप जाजोदिया तथा संस्थापक गुरु जयप्रकाश पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सृष्टि फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय कला एवं संस्कृति को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। कुलपति प्रो. पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन कलाकारों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज में सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त बनाते हैं।
ओडिसी गुरु सचिकांत प्रधान ने बताया कि आगामी सप्ताह में विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में लगभग 10 से 12 दर्जन बच्चों द्वारा शास्त्रीय एवं लोक नृत्य की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने कलाकारों से निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ कला साधना करने का आह्वान किया।
वहीं, दिलीप जाजोदिया ने दरभंगा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करने की बात कही।
कार्यशाला के शुभारंभ से स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है, जो क्षेत्र में कला और संस्कृति के विकास के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra