सीएमआर अधिप्राप्ति की समीक्षा में डीएम का निर्धारित समय-सीमा के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश

 


अररिया 10 नवम्बर(हि.स.)।

डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिले में धान एवं गेहूँ अधिप्राप्ति से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ विपणन मौसम के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति के विरुद्ध चावल (सीएमआर) की आपूर्ति तथा आगामी खरीफ विपणन मौसम में धान अधिप्राप्ति हेतु किसानों के निबंधन की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के क्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार की अधिसूचना संख्या 6695, दिनांक 28.10.2026 के आलोक में सीएमआर आपूर्ति की स्थिति पर चर्चा की गई।

जिले में कुल 942 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 432 मीट्रिक टन चावल की आपूर्ति की जा चुकी है। शेष 510 मीट्रिक टन चावल की आपूर्ति लंबित है।इस पर जिलाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित पैक्स समितियों के माध्यम से निर्धारित अंतिम तिथि तक शत-प्रतिशत सीएमआर की आपूर्ति सुनिश्चित कराएं। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए।

वहीं, आगामी खरीफ विपणन मौसम के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति हेतु इच्छुक किसानों के आवेदन निबंधन की भी समीक्षा की गई। इस दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि अररिया जिले में अब तक कुल 1,470 किसानों ने धान बिक्री हेतु अपना आवेदन निबंधित कराया है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि तक 3,059 किसानों का निबंधन हुआ था।इस पर जिला पदाधिकारी ने निबंधन की धीमी प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी पंचायतों में किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक एवं अन्य संबंधित कर्मियों के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित कराएं तथा धान बिक्री के इच्छुक किसानों का आवेदन निबंधन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने निबंधन कार्य में तेजी लाने एवं अधिकाधिक किसानों को धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया से जोड़ने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर