भाजपा महिला कार्यकर्ताओं पर आपत्तिजनक पोस्ट से बवाल, गिरफ्तारी की मांग तेज
भागलपुर, 31 मार्च (हि.स.)। भागलपुर में सोशल मीडिया पर भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को लेकर किए गए आपत्तिजनक पोस्ट ने विवाद खड़ा कर दिया है।
इस मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता गोस्वामी के नेतृत्व में मंगलवार को महिला थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी कर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाई गई है। बताया जा रहा है कि यह आपत्तिजनक पोस्ट कथित रूप से आरजेडी समर्थक अमित आर्यन द्वारा किया गया है, जो नाथनगर का निवासी है। वह पहले भी इस तरह की पोस्ट सोशल मीडिया पर करता रहा है।
जिलाध्यक्ष सुनीता गोस्वामी ने चेतावनी दिया है कि यदि जल्द आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो महिला मोर्चा सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो आत्मदाह जैसे कड़े कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर