प्रशिक्षु सिपाहियों का पारण परेड, जवानों में दिखा उत्साह

 


भागलपुर, 18 जून (हि.स.)। जिले के नाथनगर स्थित सीटीएस मैदान में गुरुवार को प्रशिक्षु सिपाहियों का पारण परेड समारोह आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सिपाही अब पुलिस सेवा की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। समारोह में आरक्षी महानिरीक्षक विवेक कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान प्रशिक्षु जवानों ने परेड कर अपनी क्षमता और अनुशासन का प्रदर्शन किया। पारण परेड को लेकर सिपाहियों में काफी उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

अधिकारियों ने नए जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख दी। समारोह के बाद प्रशिक्षु सिपाहियों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ नजर आई। अब ये जवान पुलिस विभाग में अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर