बिहार में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का नया सेंटर खुलने की मंजूरी ऐतिहासिक कदम: डॉ. प्रमोद कुमार

 


पटना, 01 सितंबर (हि.स.)। बिहार में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का नया सेंटर खोलने को केंद्र सरकार की ओर से मंजूरी मिलने पर कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस निर्णय को बिहार की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का नया सेंटर खोलने की केंद्र सरकार की ओर से मंजूरी देना बिहार की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को ऊंचाई देने के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और बिहार सरकार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के प्रति आभार प्रकट करता हूं।

मंत्री ने कहा कि एनएसडी सेंटर के माध्यम से बिहार के युवा कलाकारों को अभिनय, रंगमंच, स्टेजक्राफ्ट, प्रदर्शन कला तथा इससे जुड़े अन्य क्षेत्रों में बेहतर एवं संस्थागत प्रशिक्षण प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। इससे राज्य के प्रतिभावान युवाओं को अपनी कला को निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बेहतर मंच मिलेगा।

कला एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि बिहार की धरती ने कला, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में अनेक प्रतिभाओं को जन्म दिया है। एनएसडी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की उपस्थिति से राज्य की समृद्ध नाट्य परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उसे राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त