गैस एजेंसी पर फूटा उपभोक्ताओं का गुस्सा, 45 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

 


भागलपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नाथनगर स्थित साईं बाबा गैस एजेंसी में बुधवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। रसोई गैस की किल्लत और एजेंसी की कथित मनमानी से परेशान लोगों ने जमकर नाराजगी जताई।

उपभोक्ताओं का कहना है कि जिले की अन्य गैस एजेंसियों में जहां 25 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं इस एजेंसी में 45 दिनों से नंबर लगाने के बावजूद भी गैस नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी में जब भी देरी को लेकर सवाल किया जाता है तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। उपभोक्ता मनोज कुमार उपाध्याय ने बताया कि एजेंसी कर्मियों का कहना है कि मालिक नहीं हैं।

ऐसे में सवाल उठता है कि अगर मालिक मौजूद नहीं हैं तो क्या उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिलेगा। इधर जिला प्रशासन का दावा है कि भागलपुर में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। फिलहाल उपभोक्ता प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर