कई देशों में युद्ध और अशांति का माहौल, डॉ. अजय कुमार सिंह नहीं खेलेंगे होली
भागलपुर, 03 मार्च (हि.स.)। जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शिशु लोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार सिंह ने इस वर्ष होली का त्योहार नहीं मनाने की घोषणा की है। उन्होंने मंगलवार को कहा कहा कि जब विश्व के कई देशों में युद्ध और अशांति का माहौल बना हुआ है, तब ऐसे समय में उत्सव मनाना उचित नहीं प्रतीत होता।
डॉ. सिंह ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियां चिंताजनक हैं। कई देशों में चल रहे संघर्षों के कारण हजारों परिवार प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे समय में मानवता के प्रति संवेदना और एकजुटता दिखाना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “जब दुनिया के अनेक हिस्सों में लोग संकट और युद्ध की त्रासदी झेल रहे हैं, तब हमें आत्ममंथन करना चाहिए। शांति की स्थापना ही सबसे बड़ा उत्सव है। जीवन जागृति सोसाइटी ने भी इस निर्णय का समर्थन करते हुए घोषणा की है कि इस बार संस्था की ओर से न तो रंग, अबीर-गुलाल उड़ाया जाएगा और न ही सामूहिक होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि यह कदम विश्व शांति के प्रति एक प्रतीकात्मक समर्थन है। डॉ. अजय कुमार सिंह ने अपील की कि लोग होली के अवसर पर शांति, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दें। उन्होंने कहा कि जब पूरे विश्व में शांति बहाल होगी और युद्ध का माहौल समाप्त होगा, तभी सच्चे अर्थों में त्योहारों की खुशियां मनाना सार्थक होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि होली जैसे पारंपरिक त्योहार हमारी संस्कृति की पहचान हैं, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने व्यक्तिगत और संस्थागत स्तर पर इस वर्ष उत्सव से दूरी बनाने का निर्णय लिया है।
संस्था के इस फैसले को लेकर शहर में मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे संवेदनशील और मानवीय कदम बता रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि त्योहार सामाजिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक होते हैं। फिलहाल, जीवन जागृति सोसाइटी ने शांति और मानवता के समर्थन में सादगी से होली का दिन बिताने का निर्णय लिया है और विश्व शांति की कामना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर