उत्तरी गंगा पथ और एक्सप्रेसवे से बदलेगी बिहार की सूरत:राजीव प्रताप रूडी
सारण, 29 अप्रैल (हि.स.)। सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के प्रयासों से उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी में एक बदलाव की नींव पड़ रही है। सांसद रूडी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि उनके विशेष आग्रह और सरकार की प्रतिबद्धता के फलस्वरूप उत्तरी गंगा पथ और एक्सप्रेसवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। ये योजनाएं न केवल परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगी, बल्कि उत्तर भारत के विकास का नया मानक भी स्थापित करेंगी।
सांसद रूडी ने बताया कि पटना के मरीन ड्राइव की तर्ज पर बिदुपुर से आमी मंदिर तक उत्तरी गंगा पथ का निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। वहीं दूसरी योजना के तहत बाकरपुर-डुमरिया घाट के शेष कार्य को पूरा करते हुए कोनहुआ से गोपालगंज तक एक्सप्रेस हाईवे का निर्माण किया जाएगा। यह एक्सप्रेसवे क्षेत्र को आधुनिक सड़क संपर्कता प्रदान करेगा, जिससे आर्थिक विकास के नए द्वार खुलेंगे।
सांसद ने पूर्व में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा की गई उस घोषणा का भी उल्लेख किया जिसमें गोपालगंज से पटना तक एक्सप्रेसवे निर्माण की बात कही गई थी। इस परियोजना के पूर्ण होने पर गोपालगंज से पटना की दूरी महज डेढ़ घंटे में तय की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त, दिघवारा में जेपी सेतु के समानांतर नया पुल, उत्तरी रिंग रोड, नया हवाई अड्डा और शहरी विकास की अन्य योजनाओं पर भी कार्य प्रस्तावित है।
राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और बिहार कैबिनेट के औद्योगिक विकास के निर्णयों के मेल से सारण सहित पूरे प्रदेश का नक्शा बदलने वाला है। इन बुनियादी ढांचागत सुधारों से न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि बिहार औद्योगिक प्रगति की ओर भी तेजी से बढ़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार