नशे के खिलाफ जंग का संदेश लेकर किशनगंज पहुंची नॉर्थ ईस्ट की राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली
किशनगंज, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से निकाली गई राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली बुधवार को किशनगंज पहुंची। फरिंगगोला चेकपोस्ट पर पुलिस पदाधिकारियों ने रैली में शामिल टीम का भव्य स्वागत किया। इसके बाद खगड़ा स्थित शहीद अशफाक उल्ला खां स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार और किशनगंज के विधायक मोहम्मद कमरुल होदा ने राइडर्स का स्वागत एवं सम्मान किया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने टीम के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। यह राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकतानगर स्थित केवड़िया में आयोजित कार्यक्रम के तहत निकाली गई है। रैली का मुख्य विषय ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ यानी नशे के खिलाफ जंग है।
किशनगंज पुलिस और जिला प्रशासन के सौजन्य से नशामुक्त भारत का संदेश लेकर उत्तर-पूर्व के आठ राज्यों की टीमें इस अभियान में भाग ले रही हैं। त्रिपुरा, मिजोरम, मेघालय, मणिपुर, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम की टीमें अपने-अपने प्रारंभिक स्थलों से रवाना हुई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ये टीमें किशनगंज के रास्ते बिहार में प्रवेश कर पूर्णिया, बेगूसराय और भोजपुर होते हुए गुजरात की ओर बढ़ेंगी। सभी टीमों के 26 और 27 अक्टूबर को एकतानगर पहुंचकर निर्धारित गंतव्य पर एकत्रित होने का कार्यक्रम है।
कार्यक्रम के दौरान नशे को युवाओं के भविष्य और समाज की प्रगति के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है। इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय एकता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जा रहा है। किशनगंज पुलिस ने आम लोगों से साइबर ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने तथा आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह