नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी का 14 वां स्थापना दिवस मना, उत्कृष्ट कर्मियों को किया गया सम्मानित

 




सुपौल, 02 नवंबर (हि.स.)। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, पटना का 14वां स्थापना दिवस रविवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सुपौल के डीसीआर भवन में समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी सावन कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्युत कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी सावन कुमार, विशिष्ट अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार तथा सहरसा विद्युत आपूर्ति अंचल के वरीय प्रबंधक (राजस्व) दीपक कुमार उपस्थित थे। इसके अलावा विद्युत कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार रंजन, राघोपुर के विद्युत कार्यपालक अभियंता धनंजय कुमार सिंह, सहायक विद्युत अभियंता आशुतोष कुमार शर्मा सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी के आगमन के बाद विद्युत आपूर्ति प्रमंडल परिसर स्थित वृक्ष वाटिका में पौधरोपण से हुई। इसके बाद फीता काटकर समारोह का उद्घाटन किया गया। सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। इस दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को जिलाधिकारी ने उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने 23 से 26 घंटे औसत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए विद्युत परिवार के सभी सदस्यों को बधाई दी।

उन्होंने विभागीय कर्मियों से इसी तरह समर्पण एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते रहने की अपेक्षा जताई। बिहार गीत के गायन के साथ समारोह का विधिवत समापन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र