कटिहार में 'नो हॉर्न संडे' की पहल: बेवजह हॉर्न बजाने और प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल पर होगी सख्त कार्रवाई
कटिहार, 26 सितंबर (हि.स.)। सड़कों पर बढ़ते ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और आम लोगों को शांत व सुरक्षित यातायात वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग, कटिहार ने प्रत्येक रविवार को ‘नो हॉर्न डे’ (हॉर्न फ्री डे) के रूप में मनाने की पहल शुरू की है। इसके तहत वाहन चालकों से बेवजह हॉर्न न बजाने की अपील की गई है, साथ ही नियमों का उल्लंघन कर प्रेशर व मल्टी-टोन हॉर्न का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) डेजी रानी ने कहा कि बिना आवश्यकता के बार-बार हॉर्न बजाना न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाता है, बल्कि जनस्वास्थ्य और मानसिक शांति पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। अत्यधिक और लगातार शोर से सुनने की क्षमता कमजोर होने, अनिद्रा, तनाव, चिड़चिड़ापन, सिरदर्द तथा एकाग्रता में कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। लंबे समय तक तेज शोर के संपर्क में रहने से रक्तचाप और हृदय स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि विद्यालयों, अस्पतालों और अन्य घोषित 'शांत क्षेत्रों' (साइलेंस जोन) के आसपास चालक हॉर्न का प्रयोग बिल्कुल न करें, क्योंकि तेज आवाज से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को अत्यधिक परेशानी होती है।
अवैध प्रेशर व मल्टी-टोन हॉर्न बेचने वालों पर भी कसेगा शिकंजा
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुमोदित हॉर्न का ही उपयोग मान्य है। अत्यधिक तेज, कर्कश और नियमों के विरुद्ध लगाए गए प्रेशर व मल्टी-टोन हॉर्न पाए जाने पर वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं केंद्रीय मोटरयान नियमावली के तहत चालान व जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही ऐसे अवैध हॉर्न बेचने वाले प्रतिष्ठानों और दुकानों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। स्कूल बसों तथा शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े वाहनों के हॉर्न की विशेष जांच का अभियान भी चलाया जा रहा है।
डीटीओ ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘नो हॉर्न संडे’ महज एक दिन की औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदार ड्राइविंग की आदत विकसित करने की दिशा में एक कदम है। चालक सड़क पर संयम और अनुशासन का परिचय दें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह