प्रखंड प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ता, पंचायत समिति सदस्यों ने बीडीओ को सौंपा आवेदन

 


अररिया 28 जुलाई(हि.स.)। फारबिसगंज प्रखंड प्रमुख ओमप्रकाश पासवान के खिलाफ पंचायत समिति सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है। पूर्व प्रखंड प्रमुख सुरेश पासवान के नेतृत्व में करीब दो दर्जन पंचायत समिति सदस्य प्रखंड कार्यालय पहुंचे और अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित आवेदन जमा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला पंचायत समिति सदस्य भी मौजूद रहीं।

पूर्व प्रखंड प्रमुख सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रखंड प्रमुख के कार्यकाल में प्रखंड क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाया हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों की लगातार अनदेखी की गई है, जिससे पंचायत समिति सदस्यों में असंतोष व्याप्त है।

पंचायत समिति सदस्यों ने बीडीओ से अविश्वास प्रस्ताव पर नियमानुसार शीघ्र विशेष बैठक बुलाने की मांग की, ताकि मामले पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत निर्णय लिया जा सके।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन प्राप्त हो गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर